ग्राम प्रतापपुर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेले का भव्य आयोजन, 487 पशुपालकों को मिला सीधा लाभ
रिपोर्टिंग : अतीक शेख
ग्राम प्रतापपुर (शनिवार सनिगवाँ) में पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेले का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। यह मेला मुख्य विकास अधिकारी एवं मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश सचान के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख श्री रमाशंकर राज एवं ग्राम प्रधान श्री आज़ाद मियां द्वारा गौ-पूजन एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
कार्यक्रम में पशु चिकित्सा अधिकारी, नीमगांव डॉ. सौरभ सिंघंई ने पशुपालन विभाग द्वारा संचालित सभी विभागीय कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं—1962 पशु एम्बुलेंस सेवा, मुख्यमंत्री सहभागिता योजना, केसीसी पशुपालन ऋण, पशुधन बीमा सहित अन्य योजनाओं के बारे में विस्तार से बताते हुए अधिक से अधिक पशुपालकों को इनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
वहीं डॉ. अनिरुद्ध सिंह, पशु चिकित्सा अधिकारी बेहजम ने पशुओं में होने वाली प्रमुख बीमारियों जैसे लंपी स्किन डिजीज, खुर-पका एवं मुंह-पका रोग, थनैला आदि के लक्षण, रोकथाम एवं बचाव के उपायों को सरल भाषा में समझाया। उन्होंने समय पर टीकाकरण और सतर्कता को पशुओं के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।

डॉ. दिलीप चौधरी, पशु चिकित्सा अधिकारी चुरईपूरवा (मितौली) ने पशुओं को स्वस्थ रखने के लिए नियमित कृमिनाशक दवापान, स्वच्छता एवं उचित देखभाल पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि समय-समय पर की गई रोकथाम से गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है, जिससे पशुपालकों को आर्थिक नुकसान से भी राहत मिलती है।
उद्घाटनकर्ता ब्लॉक प्रमुख श्री रमाशंकर राज ने अपने संबोधन में प्रदेश एवं देश की अर्थव्यवस्था में पशुपालन की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने पशुपालकों के हित में सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए ग्रामीणों से सभी महत्वाकांक्षी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
मेले में कुल 487 छोटे-बड़े पशु पंजीकृत किए गए, जिन्हें सामान्य चिकित्सा, कृमिनाशक दवापान, पीडी, बांझपन उपचार, केसीसी पशुपालन ऋण, पशुधन बीमा जैसी सुविधाओं का सीधा लाभ प्रदान किया गया। पशुपालकों ने मेले को अत्यंत उपयोगी बताते हुए आयोजन के लिए पशुपालन विभाग का आभार व्यक्त किया।
मेले को सफल बनाने में पशुधन प्रसार अधिकारी चरण सिंह तोमर एवं रामगोपाल वर्मा, पैरावेट सत्य प्रकाश, शुभम शुक्ला, अमित कुमार, सतीश, प्रेमचंद, मित्तल, सुशील, जदूनाथ, देशराज, अंकित, हर्षित, राजकुमार सहित विभागीय टीम का अति सराहनीय योगदान रहा।
कुल मिलाकर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेला ग्रामीण क्षेत्र के पशुपालकों के लिए स्वास्थ्य, जानकारी और सरकारी योजनाओं से जोड़ने वाला एक सफल एवं जनहितकारी आयोजन सिद्ध हुआ।
