लापरवाही पर सख्त सीडीओ, आवास योजना और मनरेगा में खामियों पर जताई नाराजगी

Spread the love

लापरवाही पर सख्त सीडीओ, आवास योजना और मनरेगा में खामियों पर जताई नाराजगी

लखीमपुर खीरी, 31 जनवरी।
खंड विकास कार्यालय लखीमपुर में शुक्रवार को सीडीओ अभिषेक कुमार के औचक निरीक्षण ने प्रशासनिक व्यवस्था की पोल खोल दी। निरीक्षण के दौरान कई विभागीय कमियां सामने आईं, जिस पर सीडीओ ने सख्त नाराजगी जताई।

उपस्थिति रजिस्टर की जांच में 29 अधिकारियों व कर्मचारियों में से छह कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इस पर सीडीओ ने तत्काल प्रभाव से उनका वेतन व मानदेय रोकने और कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के मास्टर रजिस्टर अद्यतन न मिलने पर सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने वित्तीय वर्षवार आवंटन और लाभार्थी विवरण तत्काल अपडेट करने के निर्देश दिए।

मनरेगा कार्यों की समीक्षा में ग्राम पंचायतों में चल रहे कार्यों की जियो-टैग फोटोग्राफ उपलब्ध न होने पर एपीओ को कड़ी चेतावनी दी गई। सीडीओ ने स्पष्ट कहा कि बिना जियो-टैग फोटो के कार्यों का सत्यापन संभव नहीं है और यह गंभीर लापरवाही है।

इसके अलावा स्थापना एवं लेखा अनुभाग में सर्विस बुक, अवकाश रजिस्टर, जीपीएफ एवं बिल भुगतान की स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी अभिलेख व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने कहा कि योजनाओं की प्रगति कागजों में नहीं, बल्कि जमीन पर दिखनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *