इलेक्ट्रिक युग की दस्तक, महिंद्रा ने पेश की XUV-7XO और 9Ace
लखीमपुर खीरी। भारत में इलेक्ट्रिक और प्रीमियम ऑटोमोबाइल सेगमेंट को नई दिशा देते हुए महिंद्रा एंड महिंद्रा ने 12 जनवरी को लैंडमार्क होटल (फन मॉल) में अपनी नई XUV-7XO और इलेक्ट्रिक 9Ace को लॉन्च कर दिया। इस मौके पर शहर में ऑटोमोबाइल जगत से जुड़े लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव रहीं, जिन्होंने दोनों गाड़ियों का अनावरण करते हुए कहा कि इलेक्ट्रिक व्हीकल्स से न केवल ईंधन की बचत होती है, बल्कि प्रदूषण पर भी प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने महिंद्रा के इस कदम को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय बताया।

महिंद्रा की नई इलेक्ट्रिक 9Ace को अत्याधुनिक एंग्लो प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है। यह एक दमदार 7-सीटर इलेक्ट्रिक एसयूवी है, जो महज 7 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ लेती है। गाड़ी में पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए भी एसी की सुविधा दी गई है। इसके साथ ही सह-चालक बॉस मोड फीचर यात्रियों को लग्ज़री कार जैसा अनुभव प्रदान करता है।
नई XUV-7XO अपने सेगमेंट में तकनीक का नया मानक स्थापित करती है। इसमें DAVINCHI सस्पेंशन डंपिंग तकनीक दी गई है, जो फ्रीक्वेंसी सेलेक्टिव डंपिंग के साथ सड़क की हर स्थिति में बेहतर संतुलन और आराम देती है। गाड़ी में 31.2 सेंटीमीटर की HD ट्रिपल स्क्रीन दी गई है, जो डॉल्बी विज़न और डॉल्बी एटमॉस के साथ आती है। यह फीचर यात्रियों को चलते-फिरते सिनेमा हॉल जैसा अनुभव देता है।
XUV-7XO दो इंजन विकल्पों में उपलब्ध है और इसमें ऑटोमैटिक डोर सिस्टम, अलेक्सा और चैट-जीपीटी जैसे स्मार्ट फीचर्स दिए गए हैं। यह गाड़ी तकनीक प्रेमियों और प्रीमियम सेगमेंट के ग्राहकों के लिए एक बेहतरीन विकल्प बनकर उभरी है।
इस अवसर पर प्रबंध निदेशक दिनेश अग्रवाल, देशदीपक अग्रवाल, एरिया मैनेजर वेदिका श्रीवास्तव और विशाल शर्मा सहित शहर के कई प्रमुख व्यापारी और ग्राहक उपस्थित रहे। लॉन्च के बाद गाड़ियों को देखने और बुकिंग कराने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी।
