मौनी अमावस्या पर 5100 परिवारों को मिला पक्की छत का तोहफा, सीएम योगी ने किए 51 करोड़ ट्रांसफर
लखीमपुर खीरी, 18 जनवरी।
मौनी अमावस्या के शुभ अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार ने लखीमपुर खीरी जिले के शहरी गरीबों को बड़ी सौगात दी। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत जिले के 5100 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा 51 करोड़ रुपये की पहली किस्त डीबीटी के माध्यम से उनके खातों में सीधे भेजी गई।
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन कलेक्ट्रेट परिसर स्थित अटल सभागार में किया गया। कार्यक्रम में विधायक धौरहरा विनोद शंकर अवस्थी, जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह और पीओ डूडा संगीता सिंह की उपस्थिति में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग की गई।
मुख्यमंत्री ने लखनऊ से बटन दबाकर प्रत्येक लाभार्थी के खाते में एक-एक लाख रुपये की धनराशि भेजी। इस दौरान सभागार में मौजूद लाभार्थियों ने तालियों के साथ खुशी जाहिर की। विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने अधिकारियों के साथ लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र सौंपे।
विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीबों को सिर्फ पक्का घर नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और सुरक्षित भविष्य देती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने गरीबों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा है।
जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि यह योजना गरीब परिवारों के जीवन में स्थायित्व लाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि आवास निर्माण समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण हो।
एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि सरकार की मंशा है कि हर पात्र नागरिक तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने लाभार्थियों से योजना की शर्तों का पालन करने की अपील की।

कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम आवास योजना (शहरी) के लाभार्थी पलिया निवासी हीरालाल थारू से वर्चुअल संवाद किया। हीरालाल ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि अब उनके परिवार के सिर पर पक्की छत है।
संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने थारू समाज की स्थिति के बारे में जानकारी ली और सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर लेने की सलाह दी। हीरालाल ने बताया कि उनकी माता को निराश्रित पेंशन, उज्ज्वला योजना, राशन कार्ड और बिजली कनेक्शन का लाभ मिला है।
मुख्यमंत्री के सुझाव पर हीरालाल ने थारू समाज की ओर से प्रधानमंत्री को धन्यवाद पत्र लिखने की बात कही। मुख्यमंत्री ने इसे सराहनीय कदम बताया।
कार्यक्रम के अंत में लाभार्थियों ने सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि पीएम आवास योजना ने उनके जीवन में नई शुरुआत दी है।
