सड़क सुरक्षा नियम नहीं, जीवन रक्षा का संकल्प हैं : डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल
लखीमपुर खीरी, 31 जनवरी।
जनवरी माह में जिलेभर में चलाए गए सड़क सुरक्षा माह का समापन अटल सभागार में आयोजित सम्मान समारोह के साथ हुआ। कार्यक्रम में जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को सम्मानित कर समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने राहवीर योजना के लाभार्थियों सुनील कुमार एवं अभिषेक को सम्मानित करते हुए कहा कि ऐसे लोग समाज की असली ताकत हैं, जो बिना किसी भय या स्वार्थ के घायल की मदद कर उसकी जान बचाते हैं। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है।

कार्यक्रम में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं—भाषण, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता रील—के विजेता छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान किए गए। साथ ही 12 सड़क सुरक्षा मित्रों को हेलमेट देकर सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया गया।
डीएम ने अपने संबोधन में कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट जैसे सुरक्षा उपाय जीवन रक्षक कवच हैं। छोटी-सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि यदि यातायात नियमों को जीवनशैली का हिस्सा बना लिया जाए तो सड़क दुर्घटनाओं में स्वतः कमी आएगी। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई।
